हरिद्वार जिले की खानपुर विधानसभा सीट से पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन एक बार फिर सुर्खियों में हैं। लक्सर कोतवाली क्षेत्र में गाड़ी ओवरटेक करने को लेकर हुए विवाद ने बड़ा रूप ले लिया है। संजीव कुमार नामक व्यक्ति ने आरोप लगाया है कि चैंपियन ने फोन पर गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। इतना ही नहीं, जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए परिवार की महिलाओं के साथ दुष्कर्म कराने की धमकी भी दी गई। इस घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
पीड़ित पक्ष ने पुलिस को तहरीर दी, जिसके आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। भीम आर्मी भी इस मामले में सक्रिय हो गई है और उन्होंने चैंपियन की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।
दूसरी ओर, चैंपियन के गनर संजय चौहान ने भी संजीव कुमार और अन्य लोगों पर आरोप लगाया है कि उन्होंने खतरनाक तरीके से गाड़ी चलाते हुए पूर्व विधायक की गाड़ी को टक्कर मारी और गाली-गलौज की।
वहीं, वायरल वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन ने इसे फर्जी और एआई जनरेटेड बताया है। उनका कहना है कि चुनाव नजदीक हैं, इसलिए विरोधियों ने मिलकर यह षड्यंत्र रचा है। उन्होंने दावा किया कि उनकी सुरक्षा को भेदने की कोशिश की गई और गाड़ी में टक्कर मारी गई, जिसकी शिकायत उन्होंने पुलिस को दी है।
पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत दर्ज कर ली है। एसपी शेखर चंद सयाल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और सभी तथ्यों की पुष्टि के बाद कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



