विकासनगर। देहरादून के सेलाकुई क्षेत्र में एक सनसनीखेज ठगी का मामला सामने आया है, जिसमें वैष्णो माता मंदिर के पुजारी महंत राहुल थापा पर करीब 65 तोला सोने के आभूषण हड़पने का आरोप है।
पीड़िता ओशीन गुरुंग ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि महंत ने उन्हें फोन कर घर पर बुरा टोना-टोटका होने की बात कही। इसके बाद घर के बाहर एक काले कपड़े की पोटली मिली, जिसमें उड़द की दाल, रोली, लौंग और नींबू जैसी सामग्री थी। महंत ने इसे खतरनाक बताते हुए विशेष पूजा कराने की सलाह दी।
पूजा के दौरान महंत ने परिवार की संपत्ति की जानकारी ली और सभी सोने के आभूषण एक लाल कपड़े में बांधकर संदूक में रखने को कहा। उन्होंने चेतावनी दी कि संदूक को 62 दिन तक न खोला जाए, अन्यथा पूजा खंडित हो जाएगी।
तय समय पर जब संदूक खोला गया तो उसमें सोने के आभूषणों की जगह आधा किलो चावल और तीन सूखे नारियल मिले। महंत का मोबाइल भी स्विच ऑफ मिला।
एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर महंत राहुल थापा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पुलिस जांच कर रही है। आरोपी फिलहाल फरार है, जिसकी जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।



