देहरादून। राजधानी देहरादून से बड़ी खबर सामने आई है। देहरादून के प्रेम नगर थाना क्षेत्र में मुजफ्फरनगर के सिसौली गांव से घूमने आए युवक को उसी के दोस्त ने चाकू मारकर बुरी तरह से घायल कर दिया। दोस्त पर चाकू से हमला करने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया है। फिलहाल घायल युवक का दून मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है और पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।
डॉक्टरों के मुताबिक घायल युवक फिलहाल खतरे से बाहर है और उसके पेट और पैर में दो जगह पर चाकू के वार किए गए हैं। वहीं पुलिस ने पीड़ित युवक की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ थाना प्रेमनगर में मुकदमा दर्ज कर लिया है। जानकारी के अनुसार मुजफ्फरनगर के सिसौली गांव का रहने वाला शिवम अपने दोस्त कृष्णा को उसके घर से देहरादून घूमने के लिए लेकर आया था।
बताया जा रहा है कि शनिवार शाम को दोनों प्रेम नगर थाना क्षेत्र के दशहरा ग्राउंड में गए थे। उसी समय इन दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई और यह कहासुनी इतनी आगे बढ़ गई कि शिवम ने अपनी जेब से चाकू निकालकर कृष्णा पर हमला कर दिया, जिसमें वह बुरी तरह से घायल हो गया। जब तक कृष्णा संभल पाता तब तक उसके दोस्त शिवम ने उसके पेट और पैर पर वार करके उसे घायल कर दिया। उसके बाद वहां आसपास मौजूद लोगों ने जैसे ही शोर मचाया तो आरोपी शिवम घबराकर मौके से फरार हो गया।
थाना प्रेमनगर प्रभारी नरेश राठौर ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में घायल युवक कृष्णा के बयानों के आधार पर आरोपी शिवम की तलाश शुरू कर दी है। साथ ही इस बात की भी जानकारी की जा रही है कि कहीं शिवम द्वारा कृष्णा पर किया गया हमला किसी साजिश का हिस्सा तो नहीं था।



