कर्णप्रयाग में निहंग सिखों और स्थानीय लोगों के विवाद के बाद आज दून में स्थिति तनावपूर्ण हो गई। चंडीगढ़ से हेमकुंड साहिब रवाना हुआ निहंग सिखों का पहला जत्था बृहस्पतिवार रात को कुल्हाल में बैरिकेडिंग को तोड़ उत्तराखंड की सीमा में दाखिल हो गया। करीब 200 निहंग सिख बल्लूपुर-पांवटा राष्ट्रीय राजमार्ग से दिल्ली-यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग की ओर बढ़ रहे हैं। धर्मावाला समेत विभिन्न चौक चौराहा पर जत्थे को रोकने के लिए बैरिकेडिंग की गई है। जत्थे में शामिल कुछ निहंग सिख हवा में तलवारें और कृपाण भी लहरा रहे हैं। निहंगों के प्रेम नगर पहुंचने की सूचना पर पुलिस ने अलर्ट हाई अलर्ट जारी किया है कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गई है एसएसपी प्रवीण सिंह डोभाल खुद मौके पर पहुंचे हुए हैं।
पांवटा साहिब गुरुद्वारे में प्रशासन और पुलिस से वार्ता विफल होने के बाद निहंग सिखों का जत्था कुल्हाल चेक पोस्ट पर पहुंच गया था। यहां उन्हें रोकने के लिए बैरिकेडिंग की गई थी। लेकिन रात को निहंग सिख बैरिकेडिंग को तोड़कर उत्तराखंड की सीमा में दाखिल हो गए। कुछ निहंग सिखों ने दो डंपरों के शीशे तोड़ दिए।
धर्मावाला में जत्थे को रोकने का प्रयास किया जाएगा। वहीं चंडीगढ़ से रवाना हुआ करीब 200 निहंग सिखों के दूसरे जत्थे के भी पांवटा साहिब पहुंचने की सूचना मिल रही है। दूसरा जत्था भी राज्य की सीमा में दाखिल होने का प्रयास करेगा। उपजे हालातों में पुलिस के लिए उन्हें रोकना और अधिक चुनौतीपूर्ण होगा।



