रुद्रपुर। बिजली विभाग की कथित लापरवाही ने एक परिवार को गहरा आघात पहुँचाया। ट्रांसफार्मर का फ्यूज जोड़ने के लिए पोल पर चढ़े कॉन्ट्रेक्ट लाइनमैन रंजीत की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। आरोप है कि कंट्रोल रूम से शटडाउन मिलने की सूचना के बावजूद लाइन में करंट दौड़ता रहा और रंजीत उसकी चपेट में आ गया।
घटना के बाद अस्पताल में परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। मृतक की मां और बहन ने विद्युत विभाग के एसडीओ से तीखी नोकझोंक की। परिजनों ने विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और मुआवजे की मांग की। साथी कर्मचारियों ने भी बताया कि नियमानुसार शटडाउन मांगा गया था, लेकिन प्रक्रिया पूरी तरह सुनिश्चित किए बिना काम शुरू कराया गया।
ठेकेदार के सुपरवाइजर ने कंट्रोल रूम कर्मचारी दीप चंद्र को जिम्मेदार ठहराया। उनका कहना था कि यदि सुरक्षा मानकों का पालन किया जाता तो हादसा टल सकता था। घटना की सूचना मिलते ही विधायक भुवन कापड़ी अस्पताल पहुँचे और परिजनों को सांत्वना दी। उन्होंने कहा कि पहले भी लाइनमैनों के साथ ऐसे हादसे हो चुके हैं, लेकिन विभाग सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर नहीं है।
स्थानीय लोगों में भी भारी आक्रोश है। उन्होंने मृतक के परिवार को उचित मुआवजा और एक सदस्य को नौकरी देने की मांग की। फिलहाल प्रशासन जांच में जुटा है, लेकिन इस हादसे ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।



