खटीमा। धर्मांतरण प्रकरण में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। खटीमा कोतवाली पुलिस ने वांछित आरोपी संदीप सिंह राणा निवासी ग्राम सबौरा को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से धर्म परिवर्तन और धार्मिक गतिविधियों से जुड़े कई अहम दस्तावेज बरामद किए हैं। इनमें दो जन्म प्रमाण-पत्र, दो आधार कार्ड की छायाप्रतियां, एक सर्टिफिकेट ऑफ ऑर्डिनेंस, एक मैरिज लाइसेंस और धर्मशास्त्र में स्नातक का प्रमाण-पत्र शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपी संदीप सिंह राणा दान सिंह राणा और कमलजीत सिंह के संपर्क में आने के बाद ईसाई धर्म से जुड़ा था। उसने पूछताछ में स्वीकार किया कि वर्ष 2019 में उसकी पत्नी का बपतिस्मा कराया गया था। पुलिस अब इन तथ्यों के आधार पर धर्मांतरण गतिविधियों और नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों की भूमिका की गहन जांच कर रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उधमसिंहनगर अजय गणपति के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने आरोपी को जसरी-पटपुरा मार्ग स्थित जैनब ब्रिक फील्ड के पास से गिरफ्तार किया। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अशोक कांडपाल और कांस्टेबल मोहम्मद मोहसिन शामिल रहे।
खटीमा कोतवाली में धर्मांतरण के दो अलग-अलग मामलों में पहले ही चार आरोपी गिरफ्तार कर जेल भेजे जा चुके हैं। इसी मामले में दान सिंह पहले ही जेल भेजा जा चुका है, जबकि कमलजीत सिंह की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। पुलिस ने बताया कि मामले की आगे की विवेचना जारी है और अन्य संभावित आरोपियों की तलाश की जा रही है।



