देहरादून के दून अस्पताल में पत्रकारों के साथ लगातार हो रही अभद्रता की घटनाओं ने माहौल को तनावपूर्ण बना दिया है। हाल ही में महिला पत्रकार के साथ मोबाइल छीनने और दुर्व्यवहार का मामला सामने आया था, और अब ऑल इंडिया स्मॉल न्यूजपेपर्स एसोसिएशन के महासचिव एवं वरिष्ठ पत्रकार सोमपाल सिंह के साथ सुरक्षा गार्डों द्वारा गाली-गलौच और धक्कामुक्की की घटना ने पत्रकार समुदाय को झकझोर दिया है।
शनिवार रात यह घटना तब हुई जब सोमपाल सिंह अपने साथी पत्रकार की पत्नी के इलाज के लिए अस्पताल पहुंचे थे। आरोप है कि स्कूटी खड़ी करते ही दो सुरक्षा कर्मियों ने उनसे अभद्रता शुरू कर दी और विरोध करने पर हाथापाई तक की नौबत आ गई। बताया जा रहा है कि गार्ड संदिग्ध अवस्था में थे। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिससे पत्रकारों में गुस्सा और बढ़ गया है।
पत्रकार ने मामले की शिकायत अस्पताल की प्राचार्य डॉ. गीता जैन और समीक्षा बैठक में मौजूद स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल से की है। उन्होंने कार्रवाई की मांग उठाई है। वहीं, एमएस डॉ. आर.एस. बिष्ट ने कहा कि घटना की जांच कराई जा रही है और इमरजेंसी प्रभारी से पूरी रिपोर्ट तलब की गई है।
लगातार हो रही इन घटनाओं से पत्रकारों में आक्रोश पनप रहा है। दून अस्पताल की इमरजेंसी में अव्यवस्था और गुटबाजी की स्थिति पहले से ही आलोचना का विषय रही है, और अब पत्रकारों के साथ दुर्व्यवहार ने अस्पताल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पत्रकार संगठन इस मुद्दे पर एकजुट होकर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।



