उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले से बड़ी खबर सामने आई है। बेरीनाग इलाके के सानीखेत गांव दिगतोली में रसोई गैस के रिसाव से आग लग गई, जिसकी चपेट में आने से पति-पत्नी और दो बच्चे गंभीर रूप से झुलस गए। शनिवार दोपहर करीब दो बजे जीवन राम की पत्नी खाना बना रही थी, तभी अचानक गैस रिसाव से आग भड़क गई। शोर सुनकर जीवन राम आग बुझाने पहुंचे और झुलस गए। इस दौरान उनकी पत्नी जानकी देवी, तीन वर्षीय पुत्री प्रियांशी और एक वर्षीय पुत्र सिद्धार्थ भी आग की चपेट में आ गए।
जीवन राम ने सूझबूझ दिखाते हुए जलते हुए सिलेंडर को बाहर फेंक दिया, जिससे बड़ी दुर्घटना टल गई। ग्रामीणों ने तुरंत मदद की और घायलों को टैक्सी से सीएचसी बेरीनाग पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चारों को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. सिद्धार्थ पाटनी ने बताया कि जीवन और दोनों बच्चे गंभीर रूप से झुलसे हैं।
जीवन मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता है और आर्थिक तंगी के कारण हायर सेंटर जाने से मना कर रहा था। इस पर व्यापार संघ अध्यक्ष राजेश रावत और अन्य व्यापारियों ने आर्थिक सहयोग का आश्वासन दिया। इसके बाद घायलों को 108 एंबुलेंस से हल्द्वानी हायर सेंटर भेजा गया। ग्राम प्रधान शीला देवी ने प्रभावित परिवार को मुआवजा देने की मांग की है।



