ऋषिकेश। तीर्थनगरी ऋषिकेश से एक बेहद गंभीर और विचलित करने वाला मामला सामने आया है। आइडीपीएल क्षेत्र स्थित एक विद्यालय के प्रिंसिपल पर छात्राओं से गलत तरीके से छेड़छाड़ और बदसलूकी करने का आरोप लगा है। पीड़ित छात्राओं के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामला 19 मई को उजागर हुआ, जब क्षेत्र की एक महिला की 14 वर्षीय बेटी स्कूल से घर लौटी। छात्रा डरी और सहमी हुई थी। पूछने पर उसने बताया कि स्कूल प्रिंसिपल ने उसे ऑफिस में बुलाकर गलत तरीके से छुआ और पीठ पर हाथ फेरा। छात्रा ने रोते हुए कहा कि वह अब स्कूल नहीं जाना चाहती। इसके बाद जब परिजनों ने तसल्ली से बात की तो उसी स्कूल में पढ़ने वाली उसकी 13 वर्षीय सहेली ने भी आरोप लगाया कि करीब 8-10 दिन पहले प्रिंसिपल ने उसे ऑफिस में बुलाकर कंधे पर हाथ रखा और गलत नीयत से छूने की कोशिश की।
छात्रा ने बताया कि जब भी वह वॉशरूम जाने की अनुमति मांगती, प्रिंसिपल उसे पास बुलाकर जबरन गले लगाने और गलत तरीके से छूने का प्रयास करता था। यह हरकतें वह दो-तीन बार कर चुका था। घटना की जानकारी मिलते ही आक्रोशित परिजन स्कूल पहुंचे, लेकिन आरोपी प्रिंसिपल वहां मौजूद नहीं मिला। इसके बाद परिजनों ने पुलिस चौकी में लिखित तहरीर देकर सख्त कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी प्रिंसिपल के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए उपनिरीक्षक वर्षा रमोला को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है। पुलिस का कहना है कि बच्चियों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और दोषी को जल्द ही कानून के कटघरे में खड़ा किया जाएगा।



