पौड़ी। उत्तराखंड के पौड़ी जनपद के थलीसैंण थाना क्षेत्र के रौली गांव में शनिवार शाम आपसी विवाद ने खतरनाक रूप ले लिया। आरोप है कि पड़ोसी आनंद सिंह ने 40 वर्षीय ग्रामीण वीरेंद्र सिंह पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने की कोशिश की। अचानक हुई इस वारदात से गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने वीरेंद्र को बचाने के लिए दौड़ लगाई और पानी व सूखी घास की मदद से आग बुझाई। गंभीर रूप से झुलसे वीरेंद्र को तत्काल 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल पौड़ी पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने बताया कि वह करीब 45 प्रतिशत तक झुलस चुके हैं।
घटना की सूचना मिलते ही थलीसैंण पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटनास्थल से आरोपी की जली हुई कमीज और चप्पल बरामद हुई हैं। प्रारंभिक जांच में मामला आपसी रंजिश से जुड़ा माना जा रहा है। पीड़ित की पत्नी की तहरीर पर आरोपी आनंद सिंह के खिलाफ हत्या के प्रयास की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं, लेकिन आरोपी फिलहाल फरार है। मामले की जांच एसआई तनवीर अहमद को सौंपी गई है।



