रुड़की। बहादराबाद क्षेत्र में एक युवती ने ऑटो में सफर करते वक्त युवक की गलत हरकत का डटकर विरोध किया। जानकारी के मुताबिक, काली मंदिर चौक के पास उसी ऑटो में बैठे युवक ने मोबाइल से युवती की तस्वीरें खींचनी शुरू कर दीं। शक होने पर युवती ने तुरंत विरोध जताया और ऑटो रुकवाकर युवक को बाहर निकाल लिया।
गुस्साई युवती ने बीच सड़क पर युवक को खरी-खोटी सुनाई और उसके बाल पकड़कर कई थप्पड़ जड़ दिए। हंगामा होते ही मौके पर भीड़ जमा हो गई। लोगों ने भी युवक की हरकत को गलत बताया और उसे फटकार लगाई। भीड़ की मौजूदगी में युवक के मोबाइल से तस्वीरें डिलीट कराई गईं। इसके बाद युवक ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी मांगी और भविष्य में ऐसी हरकत न करने की कसम खाई।
घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें युवती युवक की पिटाई करती नजर आ रही है। हालांकि, माफी मांगने के बाद युवती ने कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की और पुलिस को भी शिकायत नहीं दी गई। लोगों ने युवती की हिम्मत की सराहना करते हुए कहा कि गलत का विरोध करना जरूरी है।



