नैनीताल जिले में धर्मांतरण के जाल में फंसाने के आरोप में पुलिस ने यूनुस नामक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को कोर्ट में पेश कर 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी पर कई महिलाओं को प्रेम जाल में फंसाकर धर्मांतरण के लिए दबाव बनाने और मानसिक व शारीरिक उत्पीड़न करने के आरोप हैं।
पुलिस को इनपुट मिले हैं कि आरोपी को इस तरह की गतिविधियों के लिए बाहर से फंडिंग मिल रही है। इस एंगल की जांच के लिए विशेष जांच टीम (एसआईटी) गठित की गई है। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने बताया कि पीड़िता ने इस मामले को लेकर हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी, जिसके बाद जांच तेज की गई। प्रारंभिक जांच में एक से अधिक महिलाओं के साथ इसी प्रकार की घटनाओं के संकेत मिले हैं।
दरअसल, मामला तब सुर्खियों में आया जब एक महिला ने शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि यूनुस ने भीमताल क्षेत्र में कई महिलाओं को प्रेम जाल में फंसाया और धर्मांतरण के लिए मजबूर किया। यदि महिलाएं ऐसा नहीं करतीं तो उन्हें बदनाम करने की धमकी दी जाती थी। इस घटना के बाद हिंदू संगठनों ने भीमताल कोतवाली का घेराव कर आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की थी।
पुलिस ने आरोपी को रिमांड पर लेने की मांग की है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि उसने कितनी महिलाओं को निशाना बनाया और धर्मांतरण के लिए दबाव बनाया। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गहनता से पड़ताल की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।



