देहरादून के त्यागी रोड पर स्थित खालसा कार एसेसरीज की दुकान में सोमवार देर शाम भीषण आग लग गई। आग लगते ही पूरे बाजार में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी दुकानों को सुरक्षित करने में जुट गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी तेज थी कि दूर से ही धुएं का गुबार दिखाई दे रहा था। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे आसपास की दुकानों और बाजार क्षेत्र में दहशत फैल गई। फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर मौजूद हैं और लगातार पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश कर रही हैं।
हालांकि आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। प्राथमिक अनुमान के अनुसार शॉर्ट सर्किट या किसी ज्वलनशील सामग्री से आग भड़क सकती है, लेकिन इसकी पुष्टि जांच के बाद ही होगी। राहत और बचाव कार्य जारी है और पुलिस ने पूरे क्षेत्र को घेरकर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है।



