देहरादून के राजपुर थाना क्षेत्र के ओल्ड राजपुर में शुक्रवार, 5 जून को एक बड़ा हादसा हुआ। यहां एक भवन का पुश्ता गिरने से एक महिला मलबे में दब गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। राजपुर थाना पुलिस बल आपदा उपकरणों के साथ मौके पर पहुंचा और स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बिना देर किए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
संकीर्ण गली में गिरे पुश्ते के नीचे महिला का आधा शरीर दबा हुआ था। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से फावड़ा और बेलचा का इस्तेमाल कर महिला को निकालने की कोशिश की। इसके बाद एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीम भी मौके पर पहुंची और करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
महिला को तुरंत एंबुलेंस से कोरोनेशन अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। परिजनों ने पुलिस, एसडीआरएफ और फायर सर्विस टीमों का आभार जताया।
गौरतलब है कि उत्तराखंड में मानसून आने से पहले ही बारिश ने कहर बरपाना शुरू कर दिया है। हाल ही में देहरादून में रिस्पना नदी उफान पर थी और यमुनोत्री व बदरीनाथ हाईवे पर मलबा आने से आवाजाही बंद हो गई थी। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।



