टिहरी जिले के थत्यूड़ क्षेत्र में शुक्रवार शाम अचानक हुई तेज बारिश ने बिलौंदी पुल बाजार में हड़कंप मचा दिया। करीब साढ़े तीन बजे हुई बारिश से नाला उफन गया और भारी मात्रा में पानी व मलबा दुकानों में घुस गया। इससे कई दुकानों को नुकसान पहुंचा, हालांकि राहत की बात रही कि कोई जनहानि नहीं हुई।
बारिश और मलबे से कुलवीर सिंह नकचवाल की दुकान व भवन को सबसे अधिक नुकसान हुआ। उनके गोदाम में रखे करीब 200 से ज्यादा सीमेंट के कट्टे खराब हो गए। बाजार की अन्य दुकानों में भी पानी और मलबा घुसने से सामान प्रभावित हुआ। अचानक आई इस आपदा से बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
स्थानीय राजस्व निरीक्षक ने बताया कि नौघर गांव के नीचे अतिवृष्टि की सूचना मिली थी। घटना में बिलौंदी पुल बाजार के दो भवनों के अंदर मलबा घुस गया और दुकानों का सामान खराब हुआ। मलबा आने से उत्तरकाशी-नगुन-सुवाखोली-देहरादून स्टेट हाइवे (SH 30) बाधित हो गया था, जिसे बाद में साफ कर यातायात बहाल कर दिया गया।
लोगों का कहना है कि अचानक आई बारिश और मलबे ने बाजार में भारी नुकसान पहुंचाया है। दुकानदारों ने प्रशासन से मांग की है कि नुकसान का आकलन कर उचित मुआवजा दिया जाए। फिलहाल क्षेत्र में लोग भयभीत हैं और लगातार बारिश से फिर ऐसी स्थिति बनने की आशंका जता रहे हैं।



