चमोली। रौता गांव में कथा के लिए मंच तैयार करने में लगे एक युवक पर गुलदार ने हमला कर दिया। युवक ने हिम्मत दिखाई और बचाव के लिए गुलदार पर डंडे से वार किए। वहीं युवक के साथ काम कर रहे अन्य युवकों ने शोर मचाया तो गुलदार वहां से भाग गया। मगर हमले में युवक बुरी तरह जख्मी हो गया। दिन दहाड़े गांव में गुलदार के हमले से ग्रामीणों में दहशत है। जिला पंचायत सदस्य बीरेंद्र राणा का कहना है कि क्षेत्र में गुलदार की सक्रियता की सूचना वन विभाग को दे चुके हैं लेकिन विभाग ने ठोस कदम नहीं उठाया। ग्रामीणों ने जल्द से जल्द गुलदार को पकड़ने और क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की मांग की। वहीं वन दरोगा आनंद सिंह रावत ने बताया कि वन विभाग की टीम को मौके पर भेजा गया है। वन कर्मी क्षेत्र में गश्त कर गुलदार की तलाश कर रहे हैं। क्षेत्र में जल्द पिंजरा लगाया जाएगा।
बच्चों व महिलाओं को घर से न निकलने की हिदायत: गांव में दिन दहाड़े गुलदार के हमले में युवक के घायल होने के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। रौता के साथ ही आस-पास के गांव के लोग भी भयभीत हैं। ग्रामीणों ने बच्चों व महिलाओं को घर से न निकलने की हिदायत दी है।



