देहरादून। उत्तराखंड में हाल ही में ईमेल के जरिए कई जिला कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। वहीं, देहरादून में जिला अदालत के बाद अब पासपोर्ट ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। हाथीबड़कला स्थित क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय में सोमवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक अज्ञात व्यक्ति ने ई-मेल भेजकर कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी दी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आनन-फानन में पुलिस बल और सुरक्षा एजेंसियों ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला। सुरक्षा की दृष्टि से तत्काल पूरे पासपोर्ट कार्यालय परिसर को खाली कराया गया। वहां मौजूद कर्मचारियों और अपने काम से आए आम नागरिकों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। बम डिस्पोजल स्क्वाड (बीडीएस) और डाग स्क्वाड को तत्काल मौके पर बुलाया गया। सुरक्षा टीमों ने पूरे परिसर के कोने-कोने की सघन तलाशी ली। काफी देर तक चले इस सर्च आपरेशन के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली, क्योंकि परिसर में कोई भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक बरामद नहीं हुआ। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह किसी की शरारत हो सकती है, लेकिन सुरक्षा के लिहाज से कोई कसर नहीं छोड़ी गई है। साइबर सेल की मदद से उस ई-मेल एड्रेस को ट्रैक किया जा रहा है, जिससे यह धमकी भेजी गई थी।



