देहरादून। ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण में 9 मार्च से शुरू होने वाले विधानसभा के बजट सत्र के कार्यक्रम में संशोधन किया गया है। नए प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, सत्र के पहले ही दिन राज्यपाल के अभिभाषण के तुरंत बाद सरकार बजट पेश करेगी।
पहले 11 मार्च को बजट पेश करने की तिथि निर्धारित थी, लेकिन अब इसमें बदलाव किया गया है। हालांकि, संशोधित कार्यक्रम पर अंतिम मुहर विधानसभा की कार्यमंत्रणा समिति लगाएगी।
सरकार की ओर से संशोधित कार्यक्रम भेजे जाने के बाद विधानसभा सचिवालय ने इसे सभी विधायकों को प्रेषित कर दिया है।
ये भी पढ़ें: डमी परीक्षार्थियों का प्रवेश पत्र बनाने वाला प्रिंसिपल गिरफ्तार
संशोधित कार्यक्रम के मुख्य बिंदु इस प्रकार हैं—
- 9 मार्च: राज्यपाल का अभिभाषण और उसके बाद बजट पेश किया जाएगा।
- 10 मार्च: अध्यादेश पटल पर रखे जाएंगे तथा राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा होगी।
- 11 मार्च: धन्यवाद प्रस्ताव पारित किया जाएगा और बजट पर चर्चा शुरू होगी।
- 12 मार्च: बजट पर विस्तृत चर्चा और विभागवार अनुदान मांगों पर विचार।
- 13 मार्च: बजट पारित किया जाएगा।
संशोधित कार्यक्रम के साथ अब सत्र की शुरुआत से ही राजनीतिक हलचल तेज होने की संभावना है, क्योंकि पहले दिन ही बजट पेश होने से विपक्ष और सत्ता पक्ष दोनों की रणनीतियों में बदलाव देखने को मिल सकता है।



