बागेश्वर। उत्तराखंड के बागेश्वर जिले के बैजनाथ थाना क्षेत्र के जैसर गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक मां ने अपनी 21 दिन की नवजात बेटी की गला मरोड़कर हत्या कर दी। बच्ची की मौत के बाद परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बैजनाथ ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित किया। गले पर निशान देख डॉक्टरों ने पुलिस को सूचना दी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि बच्ची की मौत प्राकृतिक नहीं थी, बल्कि गर्दन पर चोट के कारण हुई। रिपोर्ट में जमीन पर पटखने या गला दबाने की आशंका जताई गई। इसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला मानकर जांच शुरू की।
मंगलवार को नवजात के दादा केशर सिंह कोरंगा ने बहू दीपा देवी के खिलाफ हत्या की लिखित शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि जब परिवार के अन्य सदस्य शादी समारोह में गए थे, तब दीपा ने बच्ची की हत्या की। ससुर ने यह भी बताया कि बहू का लंबे समय से सास-ससुर से विवाद चल रहा था और पुलिस हेल्पलाइन में काउंसलिंग भी हो चुकी थी।
पुलिस ने दीपा देवी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। थानाध्यक्ष कैलाश सिंह बिष्ट ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
वहीं, दीपा देवी ने भी सास-ससुर पर उत्पीड़न का आरोप लगाया है और उनके खिलाफ क्रॉस एफआईआर की तैयारी चल रही है। महिला की लव मैरिज हुई थी और उसका पति विदेश में नौकरी करता है। महिला के मायके पक्ष के लोग भी गांव पहुंचने की तैयारी कर रहे हैं।
यह घटना पारिवारिक कलह और मानसिक तनाव की भयावह परिणति बनकर सामने आई है।



