हरिद्वार। हरिद्वार के बहादराबाद क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से घरों में प्रसव कराने वाली फर्जी दाइयों के खिलाफ सख्त कदम उठाए हैं। जांच के बाद 18 महिलाओं को चिन्हित किया गया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. आर.के. सिंह के निर्देश पर एसीएमओ डॉ. रमेश कुंवर ने बहादराबाद कोतवाली में इनके खिलाफ तहरीर देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
निरीक्षण में सामने आया कि बिना किसी चिकित्सकीय प्रशिक्षण और डिग्री के महिलाएं घरों में प्रसव करा रही थीं। यह न केवल अवैध है बल्कि जच्चा और नवजात दोनों की जान के लिए गंभीर खतरा है। कई मामलों में प्रसव के दौरान जटिलताएं बढ़ने पर मरीजों को रेफर करना पड़ा, जिससे जोखिम और बढ़ गया। रिपोर्ट में पाया गया कि क्षेत्र के कई इलाकों में बिना अनुमति और न्यूनतम स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव में प्रसव कराए जा रहे थे।
सीएमओ ने बताया कि जिले के अन्य क्षेत्रों से भी इस तरह की शिकायतें मिल रही हैं। कई दाइयां महिलाओं को गुमराह कर घर पर प्रसव कराने के लिए प्रेरित कर रही हैं। ऐसे मामलों की पहचान के लिए अभियान जारी रहेगा और अन्य आरोपियों पर भी कार्रवाई होगी।
बहादराबाद की चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आरती बहल ने कहा कि लगातार मिल रही शिकायतों के बाद विशेष अभियान चलाकर ऐसे मामलों का खुलासा किया गया है। चिन्हित दाइयों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है और भविष्य में भी सख्ती जारी रहेगी।
थाना प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग से तहरीर प्राप्त हुई है और जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग ने जनता से अपील की है कि सुरक्षित प्रसव के लिए केवल सरकारी या मान्यता प्राप्त स्वास्थ्य केंद्रों का ही सहारा लें।



