देहरादून। उत्तराखंड क्रांति दल ने दून में बढ़ते अपराधों को लेकर भाजपा सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने उत्तराखंड सरकार से शहर को अपराध मुक्त बनाने की मांग की। शुक्रवार को उत्तराखंड क्रांति दल के मूल निवास भू कानून प्रकोष्ठ उत्तराखंड क्रांति दल (UKD) ने दून में बढ़ते अपराधों के विरोध में शुक्रवार को द्रोण चौक पर सरकार का पुतला दहन किया। प्रदर्शनकारियों ने राज्य सरकार से अपराध मुक्त शहर बनाने और सशक्त भू कानून लागू करने की मांग की। मूल निवास भू कानून प्रकोष्ठ के अध्यक्ष लूशुन टोडरिया ने कहा कि कमजोर भू कानून के कारण बाहरी अपराधी उत्तराखंड में जमीन लेकर नागरिक बन रहे हैं और गंभीर अपराधों को अंजाम दे रहे हैं। उन्होंने रिटायर्ड ब्रिगेडियर जोशी की हत्या को कानून व्यवस्था की विफलता बताया। टोडरिया ने कहा कि दून के शांत वातावरण में सुनियोजित तरीके से अराजकता फैलाई जा रही है। महामंत्री सेवानिवृत्त कर्नल कैलाश देवरानी ने कहा कि एक पूर्व सैनिक की सरेआम हत्या निंदनीय है। जिस ब्रिगेडियर को सरहद पर दुश्मनों की गोलियां छू भी नहीं सकीं, उन्हें अपने ही प्रदेश में बाहरी अराजक तत्वों ने गोली मार दी। उन्होंने कहा कि राज्य की कानून व्यवस्था वेंटिलेटर पर है और यदि अपराधों पर रोकथाम नहीं हुई तो UKD जनता को लामबंद कर बड़ा आंदोलन करेगा। इस दौरान केंद्रीय उपाध्यक्ष कर्नल सुनील कोटनाला, शांति प्रसाद भट्ट, सैनिक प्रकोष्ठ अध्यक्ष महिपाल पुंडीर, महामंत्री चंद्रमोहन गढ़िया, मीडिया प्रभारी दिनेश पंत, सर्वोच्च सलाहकार समिति सदस्य पान सिंह रावत, लताफत हुसैन, मीनाक्षी घिल्डियाल, रविन्द्र ममगांई, राजेश्वरी रावत, नैना लखेड़ा, ऊषा रमोला, राकेश नेगी, कपिल रावत, नमन चंदोला, प्रेम पडियार आदि मौजूद रहे।



