देहरादून–दिल्ली एक्सप्रेसवे पर सड़क किनारे कुछ लोगों ने एक धर्म विशेष के लिए आपत्तिजनक संदेश लिखे हैं. पुलिस ने इस मामले में एफ़आईआर दर्ज कर ली है.
जिस जगह पर नारे लिखे गए हैं, वह इलाका बिहारीगढ़ थाना क्षेत्र है, जो उत्तर प्रदेश के सहारनपुर ज़िले के तहत आता है.
इसका सोशल मीडिया पर वीडियो भी वायरल हुआ है. वीडियो में दिखाई दे रहा है कि कुछ महिलाएं देहरादून के मोहण्ड क्षेत्र के पास बने एलिवेटेड रोड के किनारे पेंट से विवादित संदेश लिख रही हैं.
वीडियो में उन्हें लिखते हुए दिखाया जा रहा है- “यह सड़क मुसलमानों के लिए नहीं है.” इसे हिन्दी और अंग्रेजी में लिखा जा रहा था.
मामले पर सहारनपुर के एसपी (ट्रैफ़िक) शैलेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि घटना के संबंध में एफ़आईआर दर्ज कर ली गई है और जांच जारी है.
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इस घटना को लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं.



