देहरादून। क्लेमेनटाउन स्थित निजी विश्वविद्यालय में पढ़ने वाला मेरठ का छात्र उदित का महिमा के साथ लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसी बीच जब महिमा किसी और युवक से बात करने लगी तो इस बात को लेकर उदित नाराज रहने लगा और उसे धमकाने लगा। बताया जा रहा है कि वह लगातार महिमा को समझाने का प्रयास कर रहा था। शनिवार को उसने छात्रा को अपने कमरे में बुलाया और समझाने का प्रयास किया। इसी बीच दोनों के बीच तकरार शुरू हो गई। कुछ ही पल में बात हाथापाई तक पहुंची और फिर दोनों के बीच चाकूबाजी शुरू हो गई। एक चाकू छात्रा के गले पर, जबकि दूसरा हाथ पर लगा। इसके बाद छात्रा ने भी चाकू से आरोपित छात्र पर वार कर दिया, जोकि उसके हाथ पर लगा। हमले में दोनों घायल हो गए। जब दोनों लहूलुहान स्थिति में थे तो आरोपित उदित ने ही एंबुलेंस को फोन करके बुलाया। इतनी देर में पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और एंबुलेंस से दोनों को दून अस्पताल पहुंचाया। पुलिस के अनुसार, छात्र की स्थिति खतरे से बाहर है, जबकि छात्रा का गला काफी कटने के कारण उसे आइसीयू में भर्ती कराया गया है। गनीमत रही कि चाकू से सांस की नली नहीं कटी।

छात्रा के पिता की तहरीर पर क्लेमेनटाउन थाना पुलिस ने आरोपित उदित के विरुद्ध हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर लिया है। शिकायतकर्ता कृष्ण चंद ने बताया कि उनकी बेटी शनिवार सुबह नौ बजे रोज की तरह विवि गई थी। दोपहर उन्हें दून अस्पताल से फोन आया कि वह घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती है। वह अस्पताल पहुंचे तो देखा कि वह इमरजेंसी में उपचाराधीन थी और उसके गले व हाथ पर गंभीर चोट थी। पूछने पर उसने बताया कि उसके कालेज में पढ़ने वाले उदित ने उसने अपने कमरे में बुलाकर जान से मारने की नीयत से चाकू से उसके गले व हाथ पर वार किया।
थानाध्यक्ष क्लेमेनटाउन मोहन सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपित के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है। अस्पताल में भर्ती छात्रा के अभी बयान दर्ज नहीं हो पाए है।

घायल हालत में जब छात्र-छात्रा को दून मेडिकल कालेज अस्पताल की इमरजेंसी में लाया गया तो छात्रा की स्थिति नाजुक थी। गला 12 सेमी लंबा और चार सेमी गहरा कटा होने से खून बह रहा था। बीपी, पल्स भी नहीं चल रहा था। ऐसे में डाक्टरों की टीम ने दो घंटे में युवती को 60 टांके लगाए। अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक और ईएनटी विशेषज्ञ डा. आरएस बिष्ट ने बताया कि वे निदेशालय में एक बैठक में थे। इस दौरान घटना का पता चला तो वह अस्पताल पहुंचे। युवक के हाथ के पास अंगूठे में कट था, लेकिन युवती की स्थिति गंभीर थी। गले में 12 सेमी लंबाई और चार सेमी गहरा कट होने से खून बह गया था। दोपहर दो बजे युवती का आपरेशन शुरू किया गया। युवती के गले और कलाई के अलावा जांघ पर बड़ा घाव था। प्रत्येक सेंटीमीटर में दो-दो टांके लगाने पड़े। बताया कि फिलहाल स्थिति सामान्य है।



