हरिद्वार जिले के रुड़की तहसील कार्यालय में शुक्रवार को विजिलेंस टीम की छापेमारी से हड़कंप मच गया। भ्रष्टाचार के खिलाफ की गई इस कार्रवाई में एक पीआरडी जवान को रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। आरोपी जमीन के दाखिल-खारिज की प्रक्रिया पूरी कराने के बदले 4,500 रुपए की घूस मांग रहा था।
विजिलेंस विभाग के अनुसार, शिकायतकर्ता ने टोल फ्री नंबर 1064 पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उसकी बहन की भूमि का दाखिल-खारिज दर्ज कराने के एवज में तहसीलदार कार्यालय में पेशकार का कार्य देख रहे पीआरडी जवान संदीप कुमार रिश्वत मांग रहे हैं। शिकायत पर गोपनीय जांच की गई और आरोप सही पाए जाने पर पुलिस अधीक्षक सतर्कता के निर्देश पर ट्रैप टीम का गठन किया गया।
19 जून को टीम ने रुड़की तहसील कार्यालय में जाल बिछाया। जैसे ही शिकायतकर्ता रिश्वत की रकम लेकर आरोपी के पास पहुंचा, संदीप कुमार ने रकम खुद लेने के बजाय अपने एक साथी को थमा दी और उसे वहां से निकल जाने को कहा। विजिलेंस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संदीप कुमार को मौके से गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका साथी रिश्वत की रकम लेकर फरार हो गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान संदीप कुमार पुत्र बीरबल निवासी ग्राम थिथौला, थाना मंगलौर के रूप में हुई है। विजिलेंस ने उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं, फरार आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
विजिलेंस विभाग ने आम जनता से अपील की है कि यदि कोई सरकारी कर्मचारी किसी काम के बदले रिश्वत मांगता है, तो इसकी सूचना तुरंत टोल फ्री नंबर 1064 पर दें। विभाग का कहना है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई से सरकारी व्यवस्था को पारदर्शी और जवाबदेह बनाया जा सकेगा।



