हरिद्वार। जनपद हरिद्वार के सराय ग्राम में उस समय हड़कंप मच गया जब एक मकान की पानी की टंकी में दर्जनों सांप के बच्चे दिखाई दिए। परिवार के लोग टंकी में झांककर देख रहे थे कि वहां बड़ी संख्या में सांप घूम रहे हैं। अचानक इतने सांपों को देखकर परिवार घबरा गया और सूचना आसपास के ग्रामीणों तक पहुंचते ही मौके पर भीड़ जुट गई।
वन विभाग को तत्काल जानकारी दी गई। विभाग की टीम स्नेक कैचर तालिब और भोला के साथ मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद पानी की टंकी से कुल 27 सांप के बच्चे सुरक्षित बाहर निकाले गए। सभी को सावधानीपूर्वक पकड़कर सुरक्षित स्थान पर छोड़ा गया।
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि टंकी में पानी भरा हुआ था और संभावना है कि किसी मादा सांप ने वहीं अंडे दिए हों। गर्म और सुरक्षित वातावरण मिलने के कारण सांप के बच्चे कई दिनों से वहीं रह रहे थे। जांच में पता चला कि ये सभी कीलबैक (Keelback) प्रजाति के हैं, जिन्हें आम भाषा में “पानी का सांप” कहा जाता है।
अधिकारियों ने बताया कि गर्मी बढ़ने पर सांप और अन्य वन्यजीव ठंडी व नम जगहों की तलाश में आबादी वाले क्षेत्रों में पहुंच जाते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि कहीं सांप या कोई अन्य वन्यजीव दिखाई दे तो घबराएं नहीं और तुरंत वन विभाग को सूचना दें, ताकि प्रशिक्षित टीम सुरक्षित रेस्क्यू कर सके।
यह घटना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी रही और लोगों ने राहत की सांस ली कि सभी सांप सुरक्षित निकाल लिए गए।



