हरिद्वार। हरिद्वार के नगर कोतवाली क्षेत्र में एक युवक को चोरी के आरोप में भीड़ ने पकड़कर रस्सियों से बांध दिया और लाठियों से बेरहमी से पीटा। आरोप है कि युवक ने एक वाहन का शीशा तोड़कर उसमें रखे करीब 50 हजार रुपये चुरा लिए थे। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसके बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि युवक के हाथ-पैर रस्सियों से बंधे हुए हैं और कई लोग उस पर लाठियों से हमला कर रहे हैं। आसपास खड़े लोग तमाशबीन बने रहे और किसी ने बीच-बचाव नहीं किया। युवक असहाय अवस्था में लगातार मार खाता रहा। इस घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि युवक पर चोरी का संदेह था तो उसे पुलिस के हवाले किया जाना चाहिए था। कानून को हाथ में लेकर किसी को बंधक बनाकर मारपीट करना स्वयं में अपराध है। चोरी के आरोपों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन लोगों द्वारा दी गई ‘तालिबानी सजा’ ने मामले को तूल दे दिया है।
पुलिस ने वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है। नगर कोतवाली प्रभारी इंस्पेक्टर कुंदन सिंह राणा ने बताया कि वीडियो की सत्यता और घटना में शामिल लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह घटना कानून व्यवस्था और भीड़तंत्र पर गंभीर सवाल खड़े करती है। विशेषज्ञों का कहना है कि अपराध का संदेह होने पर भी न्यायिक प्रक्रिया का पालन करना जरूरी है। भीड़ द्वारा दी गई सजा न केवल कानून के खिलाफ है बल्कि समाज में भय और अराजकता का माहौल भी पैदा करती है। पुलिस अब वीडियो में दिख रहे लोगों की पहचान करने में जुटी है।



