देहरादून। नगर कोतवाली पुलिस ने करोड़ों की धोखाधड़ी करने वाले आरोपी संजय जैन को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर आरोप है कि उसने अपनी संपत्ति को दो बार बेचकर 1 करोड़ 65 लाख रुपये हड़प लिए। पुलिस जांच में सामने आया कि संजय जैन ने पहले हरिद्वार रोड स्थित अरिहंत टावर की पांचवीं मंजिल पर स्थित संपत्ति को वर्ष 2024 में निशांत गर्ग को तीन हिस्सों में सेल डीड बनाकर बेच दिया था।
इसके बाद भी जब वह कर्ज नहीं चुका सका तो उसने फर्जी दस्तावेज तैयार कर उसी संपत्ति को वर्ष 2025 में विनोद प्रकाश अग्रवाल को दोबारा बेच दिया। इस धोखाधड़ी का खुलासा तब हुआ जब विनोद प्रकाश अग्रवाल ने संपत्ति की जानकारी जुटाई और पाया कि यह पहले ही किसी अन्य व्यक्ति को बेची जा चुकी है। उन्होंने 24 मई को नगर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। आरोपी संजय जैन की गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में उसके अन्य सहयोगियों के नाम भी सामने आए हैं। पुलिस अब उनकी गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।
नगर कोतवाली प्रभारी हरिओम चौहान ने बताया कि संजय जैन की पहले हरिद्वार में लगेज बैग बनाने की फैक्ट्री थी, जिसमें लगातार नुकसान होने के कारण उस पर भारी कर्ज हो गया। कर्ज चुकाने के लिए उसने संपत्ति को दो बार बेचने की योजना बनाई और फर्जी दस्तावेज तैयार किए।
पुलिस का कहना है कि इस मामले में आगे की जांच जारी है और जल्द ही अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जाएगा।



