रुड़की। हरिद्वार जिले के रुड़की में उस समय सनसनी फैल गई जब डबल फाटक पुल के पास स्थित एक होटल के कमरे में एक युवक और महिला के शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिले। गुरुवार, 28 मई की शाम दोनों ने होटल में कमरा बुक किया था। शुक्रवार सुबह जब सफाईकर्मी कमरे में गया तो दरवाजा नहीं खुला। दोपहर तक चेक-आउट न होने पर होटल स्टाफ को शक हुआ और पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने दूसरी चाबी से दरवाजा खोला तो अंदर दोनों के शव पड़े मिले। कमरे का दृश्य देखकर होटल स्टाफ और पुलिस स्तब्ध रह गए। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि दोनों ने कथित तौर पर आत्महत्या की है। मृतक युवक की पहचान सागर पुत्र विजेंद्र (23 वर्ष) निवासी नाथूखेड़ी, कोतवाली मंगलौर के रूप में हुई, जबकि महिला की पहचान संदीप की पत्नी (27 वर्ष) निवासी मंगलौर के रूप में की गई। बताया जा रहा है कि युवक दो बच्चों का पिता था और महिला भी शादीशुदा थी।
पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए रुड़की सिविल अस्पताल भेजा। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर प्रथम दृष्टया आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है। सीओ रुड़की ओशिन जोशी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि हो पाएगी। फिलहाल पुलिस होटल स्टाफ से पूछताछ कर रही है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने आ सके।



