रुद्रप्रयाग/चमोली जिले के विश्व प्रसिद्ध पर्यटन एवं धार्मिक स्थल तुंगनाथ-चोपता क्षेत्र में शुक्रवार, 29 मई की शाम अचानक बदले मौसम ने भारी तबाही मचा दी। करीब 4:17 बजे रुद्रप्रयाग जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को डायल 112 के माध्यम से सूचना मिली कि तेज आंधी-तूफान और खराब मौसम के कारण कई लोग रास्तों में फंस गए हैं।
सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया और डीडीआरएफ, एसडीआरएफ व एंबुलेंस सेवा की टीमों को मौके पर भेजा गया। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र और लगातार बिगड़ते मौसम के बीच राहत एवं बचाव दलों ने साहस दिखाते हुए युद्धस्तर पर रेस्क्यू अभियान चलाया। टीमों ने दो गंभीर घायलों को सुरक्षित निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ऊखीमठ भेजा।
दुर्भाग्यपूर्ण घटना में लखनऊ निवासी दो सगे भाई अभिषेक वाजपेई और अभिनव वाजपेई पुत्र सजीत वाजपेई की मौत हो गई। वहीं, लखनऊ निवासी राजन मिश्रा और उन्नाव निवासी शुभम शुक्ला घायल हुए, जिनका उपचार किया गया। ऊखीमठ थाना प्रभारी मनोज नेगी ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि तेज तूफान और अचानक बदले मौसम के कारण यह दुर्घटना हुई। मृतकों के शवों को आवश्यक कार्रवाई के लिए जिला अस्पताल रुद्रप्रयाग भेजा गया है।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने कहा कि मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। उन्होंने यात्रियों और पर्यटकों से अपील की कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।



