देहरादून में प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) के जवान अपनी दो सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलन तेज करने जा रहे हैं। गुरुवार, 28 मई को वे विभागीय मंत्री रेखा आर्य के यमुना कॉलोनी स्थित आवास के लिए कूच करेंगे। संगठन ने सरकार पर वादाखिलाफी और झूठे आश्वासनों का आरोप लगाते हुए चेतावनी दी है कि जब तक शासनादेश जारी नहीं होता, उनका धरना प्रदर्शन अनिश्चितकाल तक जारी रहेगा।
जिलाध्यक्ष नवीन सिंह बिष्ट ने बताया कि 18 मार्च 2026 से शुरू हुआ धरना 71वें दिन भी जारी है। इस दौरान 22 मार्च को कैंडल मार्च, 25 मार्च को मुख्यमंत्री आवास कूच और 2 अप्रैल को सचिवालय कूच कर सरकार तक अपनी आवाज पहुंचाई गई। 6 अप्रैल को मंत्री रेखा आर्य की अध्यक्षता में बैठक भी हुई थी, जिसमें कैबिनेट में प्रस्ताव लाने का आश्वासन दिया गया था। लेकिन डेढ़ महीने और दो कैबिनेट बैठकों के बाद भी कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया।
पीआरडी जवानों की मुख्य मांगें हैं—
- साल के 365 दिन रोजगार सुनिश्चित किया जाए।
- होमगार्ड की तर्ज पर मूल वेतन पर महंगाई भत्ता (डीए) और समान कार्य समान वेतन लागू किया जाए।
संगठन का कहना है कि पिछले 21-22 वर्षों से सरकारें केवल घोषणाएं करती रही हैं, लेकिन वास्तविक लाभ नहीं मिला। जवानों ने स्पष्ट किया कि यदि उनकी मांगें जल्द पूरी नहीं की गईं तो आंदोलन और उग्र होगा।



