देहरादून। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तराखंड में 15 मई तक मौसम में उलटफेर देखा जाएगा। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार; आज और कल यानी 9 और 10 मई को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, नैनीताल, अल्मोड़ा, चंपावत और पिथौरागढ़ जिलों में कुछ जगहों पर गरज चमक और तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश देखी जा सकती है। 4000 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले कुछ स्थानों पर बर्फबारी का भी अनुमान है। उत्तराखंड में अगले 2 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है।
11 मई को बारिश का अनुमान: मौसम विभाग के अनुसार, 11 मई से मौसम में बड़ा बदलाव नजर आएगा। 11 मई को उत्तराखंड के पहाड़ी जिलों में कुछ स्थानों पर गरज चमक और तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है। यही नहीं 4000 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले कुछ स्थानों पर गरज चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। कुछ जगहों पर अचानक मौसम के खराब होने का भी येलो अलर्ट जारी किया गया है।
12 मई को इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट: मौसम विभाग के अनुसार, 12 और 13 मई को मौसम ज्यादा ही खराब रहने का अनुमान है। IMD ने 12 मई को उत्तराखंड के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ बारिश, ओले गिरने और तेज गति से हवाएं चलने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान हवा की स्पीड 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक देखी जा सकती है। आंधी के दौरान हवा की स्पीड 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक जा सकती है।
13 मई को इन जिलों में बारिश ओले गिरने का ऑरेंज अलर्ट: मौसम विभाग ने 13 मई को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कुछ जगहों पर गरज-चमक और तूफानी हवाओं के साथ ओले गिरने और बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से हवाएं चलने का अनुमान है। हवा की स्पीड 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक जा सकती है। फिर 14 और 15 मई को उत्तराखंड के पहाड़ी जिलों में कुछ स्थानों पर गरज चमक और तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।



