उत्तराखंड एसटीएफ (स्पेशल टास्क फोर्स) ने एसएससी परीक्षा में नकल कराने वाले गिरोह के मास्टरमाइंड को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। 13 फरवरी 2026 को आयोजित मल्टीटास्किंग (नॉन-टेक्निकल) स्टाफ और हवलदार की ऑनलाइन परीक्षा के दौरान एसटीएफ को सूचना मिली थी कि परीक्षा केंद्र में रिमोट एक्सेस तकनीक का उपयोग कर अभ्यर्थियों को नकल कराई जा रही है। छापेमारी में पुलिस ने लैब के पास बने यूपीएस रूम से नितिश कुमार और भास्कर नैथानी को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। आरोपियों ने अभ्यर्थियों को पास कराने का लालच देकर उनसे चयनित पद के ग्रेड पे के हिसाब से पैसों की मांग की थी। 14 फरवरी को कोतवाली नगर में मुकदमा दर्ज हुआ और मामले की जांच एसटीएफ को सौंपी गई। जांच में सामने आया कि गिरोह का मुख्य सरगना शुभम भटनागर, निवासी विजयनगर थाना कुतुबशेर, सहारनपुर, घटना के बाद फरार हो गया था। एसटीएफ टीम लगातार इनपुट जुटाकर उसकी तलाश में लगी रही। अंततः 4 अप्रैल को शुभम भटनागर को सहारनपुर से गिरफ्तार कर लिया गया। एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि आरोपी से पूछताछ में कई अहम जानकारियां मिली हैं, जिन पर आगे विवेचना कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। यह कार्रवाई परीक्षा में नकल कराने वाले संगठित गिरोहों पर सख्त शिकंजा कसने का संकेत है और भविष्य में ऐसी गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।



