देहरादून जिले के सहसपुर क्षेत्र की इंद्रा कॉलोनी मेदनीपुर में रविवार को अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। गुजर समुदाय के डेरों (घरों) में लगी आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते छह डेरे उसकी चपेट में आ गए। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली सहसपुर और चौकी धर्मावाला की पुलिस टीम के साथ अग्निशमन विभाग मौके पर पहुंचा और त्वरित कार्रवाई कर आग पर काबू पा लिया।
राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि या पशुहानि नहीं हुई। हालांकि, आग की चपेट में आने से छह परिवारों का घरेलू सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया। प्रभावित परिवारों में मुस्तका, सदाम, याकूब, यामीन, जाफर और बसीर के डेरे शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में सामने आया कि एक डेरे की रसोई से उठी चिंगारी ने आग पकड़ ली, जो तेजी से अन्य डेरों तक फैल गई। चूंकि सभी डेरे मिट्टी और घास-फूस से बने थे, आग ने तुरंत विकराल रूप ले लिया।
अग्निशमन विभाग और पुलिस की सतर्कता से आग को अन्य डेरों तक फैलने से रोक लिया गया। फिलहाल पुलिस घटना के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है। इस हादसे ने क्षेत्र में सुरक्षा और सावधानी बरतने की आवश्यकता को एक बार फिर उजागर कर दिया है।



