देहरादून। उत्तराखंड परिवहन निगम (रोडवेज) दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर इलेक्ट्रिक बसों के संचालन की तैयारी में है। प्रदूषण मुक्त और हाईटेक यात्रा को बढ़ावा देने के लिए प्रबंधन की ओर से 25 नई इलेक्ट्रिक बसों की खरीद का प्रस्ताव शासन को भेजा जा रहा है। इस कदम से राजधानी दिल्ली और देहरादून के बीच का सफर न केवल सुगम होगा, बल्कि पर्यावरण के अनुकूल भी बनेगा। एक इलेक्ट्रिक बस फुल चार्ज होने पर लगभग 250 किमी तक की दूरी तय कर सकती है। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे के माध्यम से दोनों शहरों के बीच की दूरी घटकर मात्र 210 किमी रह गई है। ऐसे में बसों को बीच रास्ते में चार्ज करने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। रोडवेज महाप्रबंधक संचालन क्रांति सिंह ने कहा कि इलेक्ट्रिक बसों के संचालन को लेकर शासन स्तर पर प्रक्रिया गतिमान है। शासन की ओर से इस संबंध में प्रस्ताव मांगा गया था, जिसे निगम ने तैयार कर लिया है और शीघ्र ही शासन को भेजा जाएगा।



