पौड़ी। गढ़वाल लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत कोटद्वार में लोगों को एक बड़ी सुविधा मिल गयी है। आज कोटद्वार में नया पासपोर्ट सेवा केंद्र विधिवत रूप से शुरू हो गया। इस केंद्र के शुरू होने से कोटद्वार और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को अब पासपोर्ट बनवाने के लिए देहरादून जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। पौड़ी जनपद के कोटद्वार में शनिवार का दिन क्षेत्रवासियों के लिए ऐतिहासिक साबित हुआ, जब तहसील परिसर के भीतर स्थापित पासपोर्ट सेवा केंद्र का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर विदेश राज्य मंत्री पबित्र मार्गेरिटा, गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी, स्थानीय विधायक ऋतु खंडूरी और कोटद्वार मेयर शैलेन्द्र सिंह रावत सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने संयुक्त रूप से फीता काटकर केंद्र का उद्घाटन किया। यह पासपोर्ट सेवा केंद्र लंबे समय से क्षेत्र की एक महत्वपूर्ण आवश्यकता रहा है। पहले पासपोर्ट बनवाने के लिए लोगों को देहरादून या अन्य बड़े शहरों का रुख करना पड़ता था। जिससे समय और धन दोनों की हानि होती थी। अब इस केंद्र के शुरू होने से कोटद्वार सहित आसपास के क्षेत्रों के युवाओं, छात्रों और नौकरीपेशा लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
सांसद अनिल बलूनी ने कहा उनका प्रयास हमेशा से रहा है कि गढ़वाल क्षेत्र के लोगों को बेहतर सुविधाएं उनके नजदीक ही उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा यह पासपोर्ट सेवा केंद्र युवाओं के लिए नए अवसरों के द्वार खोलेगा। खासकर उन लोगों के लिए जो विदेश में शिक्षा या रोजगार के अवसर तलाश रहे हैं। स्थानीय विधायक ऋतु खंडूरी ने भी इस उपलब्धि को क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताते हुए सांसद का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इससे न केवल युवाओं को सुविधा मिलेगी, बल्कि क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को भी गति मिलेगी।

कोटद्वार में शुरू हुआ पासपोर्ट सेवा केंद्र, केंद्रीय मंत्री ने किया शुभारंभ
Leave a Comment


