देहरादून में हालिया कानून-व्यवस्था की घटना पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सख्त रुख अपनाते हुए अधिकारियों को कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने साफ कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था से किसी भी तरह का समझौता नहीं होगा। मुख्यमंत्री ने डीजीपी को निर्देश दिए कि आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों पर सघन अभियान चलाकर कठोर कार्रवाई की जाए। इसी क्रम में कुठालगेट चौकी प्रभारी अशोक कुमार और उप आबकारी निरीक्षक सोबन सिंह उप को निलंबित कर दिया गया है।
धामी ने पुलिस और प्रशासन को निर्देशित किया कि रोड रेज, फायरिंग और देर रात तक चलने वाली अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह अंकुश लगाया जाए। उन्होंने कहा कि आम जनता की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और लापरवाह अधिकारियों को बख्शा नहीं जाएगा।
मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने भी सचिवालय में बैठक कर पुलिस विभाग को गश्त बढ़ाने और हुड़दंगियों पर कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बार और रेस्टोरेंट के निर्धारित समय का पालन सख्ती से कराया जाए ताकि सप्ताहांत में शहर पार्टी और हुड़दंगियों का अड्डा न बने। साथ ही अवैध बार संचालकों और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की जाए।
मुख्य सचिव ने होम स्टे और पीजी में रहने वालों का सत्यापन अभियान चलाने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि टूरिज्म प्रमोशन के नाम पर होम स्टे का दुरुपयोग रोकने के लिए उनकी मैपिंग और निगरानी की जाए। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि ड्यूटी में लापरवाही करने वालों पर भी सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
इस तरह सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों और जिम्मेदारी निभाने में चूक करने वाले अधिकारियों के खिलाफ अब कोई नरमी नहीं बरती जाएगी।

गोलीकांड पर कुठालगेट चौकी इंचार्ज और उप आबकारी निरीक्षक निलंबित
Leave a Comment


