देहरादून। देहरादून में हाल ही में हुई आपराधिक घटनाओं को लेकर महानगर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गहरी नाराज़गी जताई है। सोमवार को पूर्व महानगर अध्यक्ष लालचन्द शर्मा के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एसएसपी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में राजधानी की बिगड़ती कानून व्यवस्था पर चिंता व्यक्त करते हुए इसे सुधारने की मांग उठाई गई।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि देहरादून उत्तराखंड का प्रशासनिक, राजनीतिक और आर्थिक केंद्र है, लेकिन हाल की घटनाओं ने राजधानी को असुरक्षा के माहौल में धकेल दिया है। राजपुर थाना क्षेत्र में रिटायर्ड ब्रिगेडियर की दिनदहाड़े हत्या, रायपुर थाना क्षेत्र में पीआरडी जवान की हवालात में संदिग्ध मृत्यु और नारी निकेतन में महिला संवासिनी की आत्महत्या जैसी घटनाओं ने पुलिस व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े कर दिए हैं।
ज्ञापन में मांग की गई कि शहर के संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाई जाए, काले शीशे वाली गाड़ियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाए और बाहरी राज्यों से आने वाले वाहनों की बॉर्डर पर सघन जांच सुनिश्चित की जाए। साथ ही प्रमुख चौराहों, सुनसान मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे बढ़ाकर उनकी नियमित मॉनिटरिंग की जाए।
पूर्व विधायक राजकुमार ने भी ट्रैफिक व्यवस्था पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि बढ़ते यातायात दबाव, अव्यवस्थित पार्किंग और नियमों की अनदेखी के कारण आए दिन जाम की स्थिति बन रही है। उन्होंने प्रमुख चौराहों पर ट्रैफिक पुलिस की तैनाती बढ़ाने, स्मार्ट ट्रैफिक सिस्टम लागू करने और अतिक्रमण के खिलाफ सख्त अभियान चलाने की मांग की।
इस मौके पर पार्षद प्रमोद गुप्ता, पार्षद वीरेंद्र बिष्ट, हिमांशु बिष्ट, मनोज सैनी सहित अन्य कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे। कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि यदि राजधानी की कानून व्यवस्था को सुधारने के लिए ठोस कदम नहीं उठाए गए तो जनता का भरोसा पुलिस प्रशासन से उठ जाएगा।



