देहरादून। चूना भट्टा क्षेत्र में सोमवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई जब रिस्पना नदी किनारे स्थित एक खंडहर में 26 वर्षीय महिला का शव बरामद हुआ। मृतका की पहचान सूरज बस्ती, डालनवाला निवासी शिवानी अरोड़ा पत्नी सावन कुमार अरोड़ा के रूप में हुई। शव की शिनाख्त मौके पर पहुंची उसकी मां ने की। शव देखकर वह बिलख उठीं। पुलिस जांच में सामने आया कि शिवानी नशे की आदी थी और कई बार नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती रह चुकी थी। कुछ दिन पहले ही परिजन उसे हरिद्वार स्थित केंद्र से घर वापस लाए थे। बताया जा रहा है कि चार दिन पहले उसकी मां ने उसे दोबारा नशा मुक्ति केंद्र भेजने की बात कही थी, जिसके बाद वह शनिवार से घर से लापता थी। शव पर मिले घाव और खरोंचों से साफ है कि हत्या से पहले संघर्ष हुआ। मृतका की आंख पर गहरा घाव था, जबकि हाथ-पैरों के नाखूनों पर खरोंचें मिलीं। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से अहम सुबूत जुटाए। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल, एसपी सिटी प्रमोद कुमार, एसपी देहात जया बलोनी और सीओ रायपुर रीना राठौर समेत पुलिस बल मौके पर पहुंचा और क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू की। पुलिस ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हत्या के कारणों और आरोपियों की पहचान स्पष्ट हो सकेगी। दिनदहाड़े शव मिलने से इलाके में दहशत का माहौल है। परिजन और स्थानीय लोग स्तब्ध हैं कि शिवानी की लापता होने के बाद इतनी भयावह स्थिति में उसका शव बरामद होगा। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले की गहन जांच कर दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।



