देहरादून। रसोई गैस सिलेंडर के लगातार बढ़ते दामों के खिलाफ उत्तराखंड प्रदेश महिला कांग्रेस ने सोमवार को अनोखे अंदाज़ में विरोध प्रदर्शन किया। प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने गैस सिलेंडर को फूल-माला पहनाकर उसकी प्रतीकात्मक अंत्येष्टि की और धूपबत्ती जलाकर केंद्र सरकार की महंगाई नीतियों के खिलाफ नारे लगाए।
महिला कांग्रेस कार्यकर्ता कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन से सिर पर सिलेंडर उठाकर नारेबाजी करते हुए भाजपा जिला मुख्यालय की ओर पदयात्रा पर निकलीं। पुलिस प्रशासन ने उन्हें कनक चौक पर बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया।
प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने चूल्हे पर लकड़ी जलाकर रोटी और सब्जी बनाई और लोगों को खिलाकर सरकार की नीतियों के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदेश अध्यक्ष रौतेला ने कहा कि केंद्र सरकार उद्योगपति मित्रों को लाभ पहुंचाने के लिए लगातार गैस के दाम बढ़ा रही है, जिससे गरीब और मध्यम वर्ग का बजट बिगड़ गया है।
पुलिस ने बाद में प्रदर्शन कर रही महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। इस मौके पर महिला कांग्रेस की उपाध्यक्ष आशा मनोरमा शर्मा, नजमा खान, जया कर्नाटक, उर्मिला ढोंडियाल थापा, अंशुल त्यागी, मंजू मिश्रा, अनीता सकलानी, पूनम सिंह, दीपा चौहान, नलिनी दीक्षित, चन्द्रकला नेगी, भावना शर्मा, सुशीला शर्मा, अनुराधा तिवाड़ी, देवेंद्र कौर, रेखा ढींगरा सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।



